प्रदेश के मौसम में एक बार फिर से बदलाव आएगा। पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के बाद मंगवार को 17 जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। कुछ स्थानों पर आंधी के साथ हल्की बारिश व ओलावृष्टि के आसार हैं। भारतीय मौसम विभाग ने प्रदेश के 17 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट तथा 5 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि वर्तमान परिदृश्य में मध्य श्रेणी का पश्चिमी मौसम प्रणाली अभी पूर्वी पाकिस्तान पर पहुंच गई है। इस वजह से संपूर्ण मैदानी राज्यों विशेषकर हरियाणा में हवाओं की दिशा में बदलाव से वातावरण में अस्थिरता बनी हुई है। बादलों की आवाजाही देखने को मिल रही है। सोमवार रात तक पश्चिमी मौसम प्रणाली भारत के उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों पर पहुंच जाएगी। इससे दक्षिणी पंजाब और उत्तरी राजस्थान पर एक चक्रवातीय परिसंचरण तंत्र विकसित होने से बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से प्रचुर मात्रा में नमी पहुंचेगी।