चौधरी बंसीलाल राजकीय महाविद्यालय लोहारू में नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. मुकेश कुमार चहल ने की। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सुभाष चंद्र बोस भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के महानतम क्रांतिकारियों में से एक थे। उनका त्याग, साहस और राष्ट्रभक्ति विद्यार्थियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेंगे। कार्यक्रम के संयोजक एवं राष्ट्रीय सेवा योजना प्रभारी डॉ. सुजीत कुमार ने नेताजी के जीवन एवं स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि आजाद हिंद फौज के माध्यम से उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा दी, जिसे देश सदैव स्मरण रखेगा। राजनीतिक शास्त्र के प्रवक्ता डॉ. अशोक कुमार एवं डॉ. राजबाला ने भी अपने उद्बोधन में नेताजी के विचारों और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के दौरान डॉ. अजय वशिष्ट ने हर करम अपना करेंगे ऐ वतन तेरे लिए देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर वातावरण को देशभक्ति से ओतप्रोत कर दिया। इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक-स्वयंसेविकाओं सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य डॉ. मुकेश कुमार चहल, डॉ. सुजीत कुमार, डॉ. राजबाला, डॉ. बजरंग मौजूद रहे।