भिवानी में यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करवाने और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में लोहारू के डीएसपी संजीव गौड़ के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सूरजगढ़ रोड पर स्पेशल नाका लगाकर वाहनों की सघन जांच की। नाके के दौरान पुलिस ने बिना नंबर प्लेट के वाहन, ओवरलोडिंग करने वाले वाहन, ब्लैक फिल्म लगे वाहन तथा मोटर व्हीकल एक्ट का उल्लंघन करने वाले वाहनों की जांच की। इस दौरान पुलिस ने तीन पिकअप गाड़ियों को रोका, जिनके आगे-पीछे नंबर प्लेट नहीं लगी हुई थी। जांच में पाया गया कि इन वाहनों में अवैध रूप से लकड़ी भरी हुई थी। पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट के तहत तीनों पिकअप वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब 65 हजार रुपये के चालान किए। साथ ही वाहनों में भरी लकड़ी को नियमों के उल्लंघन के चलते फॉरेस्ट विभाग के हवाले कर दिया गया।