शहर के कोंट रोड मिनी बाईपास काली माता मंदिर रोड़ स्थित दक्षिण काली नवदुर्गा मंदिर परिसर में शनिवार को हरियाणा गौरव अवार्ड-2026 के भव्य आयोजन को लेकर एक पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया। इस दौरान आयोजन समिति ने 29 मार्च को होने वाले मुख्य समारोह की रूपरेखा साझा की और बताया कि इस बार का अवार्ड शो खेल और समाज सेवा के क्षेत्र में प्रदेश की प्रतिभाओं को एक नया मंच प्रदान करेगा। पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए हरियाणा सॉफ्टबॉल एसोसिएशन के सचिव व सॉफ्टबॉल एसोसिएशन ऑफ इंडिया के चयन समिति के सदस्य कोच सतबीर सिंह सैनी ने बताया कि यह आयोजन केवल एक पुरस्कार वितरण समारोह नहीं, बल्कि हरियाणा की माटी से जुड़े उन हीरों को सम्मानित करने का जरिया है, जिन्होंने वैश्विक पटल पर राज्य का मान बढ़ाया है। हरियाणा की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना सभी सामाजिक संगठनों व प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य होना चाहिए। क्योंकि इन्ही प्रतिभाओं की बदौलत देश का नाम पूरे विश्व में गर्व से लिया जाता है। इसके अलावा किसी भी प्रतियोगिता में क्षेत्र व परिजनों का नाम रोशन करने वाली प्रतिभाएं समाज के अन्य लोगों को भी अपने क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करती है।