शहर की दुर्गा कॉलोनी में गली के अंदर बिजली ट्रांसफार्मर लगाने को लेकर रविवार दोपहर को विवाद हो गया। इस दौरान मौके पर बुलाई गई महिला पुलिस कर्मचारियों के साथ क्षेत्र की महिलाओं की खूब धक्का-मुक्की हुई। इस दौरान महिला पुलिस कर्मचारियों ने विरोध कर रही महिलाओं को खदेड़ने का भी प्रयास किया। महिलाओं के विरोध के चलते बिजली निगम की टीम बैरंग वापस लौट गई। दुर्गा कॉलोनी के रिहायशी इलाके में चल रही एक फैक्टरी के लिए निगम कर्मचारी गली में बिजली ट्रांसफार्मर लगाने पहुंचे थे। पुलिस की मौजूदगी में जब निगम कर्मचारी ट्रांसफार्मर लगाने लगे तो इलाके की महिलाओं ने इसका पुरजोर विरोध किया। मौके पर पुलिस बुलाई गई। महिला पुलिस कर्मचारियों ने विरोध कर रही महिलाओं को हटाने का प्रयास किया। इसी दौरान महिला पुलिस कर्मचारियों के साथ विरोध कर रही महिलाओं की धक्का-मुक्की हुई। काफी देर तक माहौल तनाव भरा बना रहा। ऐसे में निगम कर्मचारी दो दिन का अल्टीमेटम देकर बिना पोल लगाए ही वापस लौट गए।