भिवानी के पुलिस अधीक्षक नितिश अग्रवाल ने कार्यभार संभालते ही महिलाओं के विरूद्ध अपराध पर तुरंत कार्रवाई करने, साइबर क्राइम व नशे पर लगाम लगाने की बात कही है। उन्होंने संकेत दिए कि जिला में अपराधियों व भ्रष्ट पुलिस कर्मियों पर उनका डंडा तेजी से चलेगा। भिवानी में पुलिस अधीक्षक का कार्यभार संभालने के बाद पहली बार पत्रकारों से रूबरू हुए नितिश अग्रवाल ने अपनी प्राथमिकताएं गिनवाई। भिवानी के एसपी बने नितिश अग्रवाल ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता महिलाओं के विरूद्ध होने वाले अपराधों में तुरंत कार्रवाई करना है। इसके बाद साइबर क्राइम को रोकना है। इसको लेकर लोगों को लगातार जागरूक किया जाएगा। वहीं उन्होंने कहा कि चोरी व चैन स्नेचिंग की वारदातों को रोकने पर भी पूरा ध्यान रहेगा। इसके साथ ही एसपी नितिश अग्रवाल ने कहा कि भिवानी शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए ट्रैफिक पुलिस को मुस्तैद किया जाएगा। दुर्घटना स्थलों को चिन्हित कर दूसरे विभागों का सहयोग लेकर काम करेंगे ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगे। वहीं उन्होंने रिश्वत लेने वाले पुलिस कर्मचारियों को सख्त चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि जिले में जीरो टोलरेंश पर काम होना चाहिए। जो कोई कर्मचारी रिश्वत लेता पकड़ा गया तो उसपर तुरंत एक्शन लिया जाएगा। संवाद