मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भिवानी के पंचायत भवन में पहुंचे, जहां उन्होंने किसान सम्मान निधि कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर प्रदेश के कृषिमंत्री श्याम सिंह राणा ने मंच से किसानों से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी और हरियाणा सरकार द्वारा किसान हित में उठाए जा रहे कदमों पर विस्तार से प्रकाश डाला। मुख्यमंत्री का पंचायत भवन में आगमन पर जिला प्रशासन द्वारा अभिनंदन किया गया। मुख्यमंत्री ने किसानों के कल्याण के लिए सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ उठाने पर बल दिया। किसान सम्मान निधि कार्यक्रम के बाद, मुख्यमंत्री भीम स्टेडियम में एशियन और पैरा एशियन खेलों में पदक विजेता 125 खिलाड़ियों को 184 करोड़ रुपये के पुरस्कार वितरित करेंगे। इस अवसर पर हरियाणा-पंजाब महिला कबड्डी का मुकाबला भी होगा। इसके अतिरिक्त, मुख्यमंत्री आठ विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन भी करेंगे। कार्यक्रम में लोगों की भागीदारी को प्रोत्साहित करने के लिए पांच किलोमीटर की महिला और पुरुष दौड़ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विजेता प्रतिभागियों को बाइक और स्कूटी इनाम में दी जाएंगी।