रविवार को सीईटी के प्रथम सत्र की परीक्षा के दौरान अशक्त जनों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने में रेडक्रॉस के वालंटियर्स की ड्यूटी लगाई गई। वहीं बस स्टैंड से परीक्षा केंद्रों तक दिव्यांगजनों को लाने के लिए भी अलग से स्पेशल वाहन चलाए गए। परीक्षा केंद्रों पर दूसरे दिन भी परीक्षार्थियों को कड़ी जांच प्रक्रिया से गुजरना पड़ा। परीक्षा केंद्रों के आसपास ज्यादा भीड़ नहीं जुटे और जाम की स्थिति से बचने के लिए पहले दिन की गलतियों को भी सुधारा। परीक्षा केंद्र की 200 मीटर परीधी से बाहर ही वाहनों की पार्किंग कराई गई जबकि आसपास यातायात व्यवस्था संभालने के लिए ट्रैफिक कर्मचारी तैनात रहे। हालांकि रविवार को छुट्टी होने से बाजार बंद रहे, इस वजह से भी परीक्षा को लेकर शहर में ज्यादा भीड़ व जाम की स्थिति नहीं बनी।