संवाद न्यूज एजेंसी भिवानी। सीआईए द्वितीय भिवानी ने घरेलू सामान की ढुलाई के नाम पर रुपये की धोखाधड़ी के मामले में केशव निवासी वार्ड नंबर पांच बवानीखेड़ा को गिरफ्तार किया है। मामले के संबंध में शिकायतकर्ता कुमार शुभम निवासी ग्रेटर नोएडा उत्तर प्रदेश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने अपने घरेलू सामान को ग्रेटर नोएडा से गोपालगंज (बिहार) पहुंचाने के लिए डीलक्स कार्गो लॉजिस्टिक्स से 9500 में परिवहन का अनुबंध किया था। कंपनी ने निर्धारित राशि प्राप्त करने के बाद उसका सामान अपने कब्जे में ले लिया, लेकिन बाद में अवैध रूप से 24,538 की अतिरिक्त राशि की मांग की। अतिरिक्त राशि नहीं देने पर कंपनी ने सामान की डिलीवरी करने से इनकार कर दिया और सामान को अपने कब्जे में रखा, जिससे शिकायतकर्ता को आर्थिक नुकसान एवं मानसिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ा। शिकायत की जांच के उपरांत थाना बवानीखेड़ा में 4 जुलाई 2026 को धारा 316 (2) एवं 318(4) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत अभियोग दर्ज किया गया। मामले की जांच के दौरान सीआईए द्वितीय भिवानी के उप निरीक्षक सुशील कुमार ने कार्रवाई करते हुए मामले में संलिप्त आरोपी केशव निवासी वार्ड नंबर 5 बवानीखेड़ा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी से शिकायतकर्ता का पूरा घरेलू सामान व 9500 रुपए बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपी को सोमवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से जिला कारागार भेजने के आदेश हुए हैं। संवाद