भिवानी में मानसिक रूप से परेशान विद्यानगर निवासी एक युवक ने ट्रेन के आगे आकर जान दे देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इत्तेफाकिया कार्रवाई कर युवक पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। जानकारी के अनुसार शनिवार रात आठ बजे पुलिस को सूचना मिली कि सिटी स्टेशन व गांव बामला के बीच रेलवे ट्रैक पर एक लावारिस शव पड़ा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव के पास खड़ी मिली बुलेट बाइक के आधार पर शव की पहचान की। मृतक की पहचान विद्यानगर निवासी 28 वर्षीय हर्ष के रूप में हुई। मृतक के पिता सतपाल ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि हर्ष अपनी पढ़ाई पूरी करके नौकरी की तलाश कर रहा था। पिछले कुछ समय से वह मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। जिसके चलते उसने रेल के आगे आकर जान दे दी है। पुलिस ने मामले में इत्तेफाकिया कार्रवाई की है। रविवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है।