ब्रह्माकुमारी सेवा केंद्र लोहारू द्वारा 90वें महाशिवरात्रि महोत्सव का आयोजन श्रद्धा, अनुशासन एवं आध्यात्मिक वातावरण में किया। इस अवसर पर मुख्यालय माउंट आबू से आए सुरेश कुमार शर्मा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जीवन को सुरक्षित, संतुलित एवं सफल बनाने के महत्वपूर्ण टिप्स प्रदान किए। कार्यक्रम के दौरान लोहारू शहर में एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जो देवीलाल चौक, भगत सिंह चौक, फरटिया रोड, रेलवे स्टेशन रोड, सूरजगढ़ रोड होते हुए ब्रह्माकुमारी सेवा केंद्र लोहारू पर जाकर संपन्न हुई। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में महिला-पुरुषों ने भाग लेकर आध्यात्मिक संदेशों का प्रचार-प्रसार किया। कार्यक्रम में महिला महाविद्यालय लोहारू की एनएसएस कोऑर्डिनेटर डॉ. निशा अपने स्टाफ एवं स्वयंसेवकों के साथ विशेष रूप से शामिल हुईं। उन्होंने राजयोग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि राजयोग के माध्यम से व्यक्ति मानसिक शांति, सकारात्मक सोच एवं आत्मिक सशक्तिकरण प्राप्त कर सकता है, जो आज के तनावपूर्ण जीवन में अत्यंत आवश्यक है। कार्यक्रम का संचालन बीके कमल बहन ने किया। जबकि शोभायात्रा का संचालन स्थानीय संचालिका उर्मिला बहन के सानिध्य में हुआ।