हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की बुधवार को सीनियर सेकेंडरी की राष्ट्रीय कौशल योग्यता फ्रेमवर्क व संस्कृत व्याकरण-2 की अंतिम दिन की परीक्षा में एक नकलची पकडा। जबकि बोर्ड की अब तक कराई गई दसवीं और बारहवीं की परीक्षाओं में नकल के 338 मामले दर्ज हुए वहीं परीक्षा ड्यूटी में कोताही मिलने पर सात प्रमुख केंद्र अधीक्षक, दो केंद्र अधीक्षक व 61 पर्यवेक्षकों को रिलीव किया गया है। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड अध्यक्ष डॉक्टर पवन कुमार ने बुधवार को मुख्यालय पर पत्रकार वार्ता कर बताया कि 25 फरवरी से आरंभ हुई सेकेंडरी व सीनियर सेकेंडरी की परीक्षाएं बुधवार को समाप्त हो गई। बुधवार को अंतिम दिन 736 परीक्षा केंद्रों पर सीनियर सेकेंडरी की राष्ट्रीय कौशल योग्यता फ्रेमवर्क व संस्कृत व्याकरण-2 विषय की परीक्षा में 45377 परीक्षार्थी शामिल हुए। प्रदेशभर में नकल के 388 मामले दर्ज किए गए, जो कि पिछले तीन वर्षों की तुलना में न्यूनतम संख्या दर्ज हुई है। बोर्ड अध्यक्ष ने बताया कि प्रदेशभर में इन परीक्षाओं के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना जिसके आधार पर परीक्षा की शुचिता व पवित्रता पर कोई प्रश्र चिन्ह लगे घटित नहीं हुई। उन्होंने बोर्ड परीक्षाओं के सफल संचालन के लिए मुख्यमंत्री , शिक्षा मंत्री, प्रशासनिक अधिकारियों का आभार जताया। बोर्ड अध्यक्ष ने बताया कि परीक्षाओं के लिए प्रदेशभर में 1433 परीक्षा केंद्र गठित किए गए थे। इन परीक्षा केन्द्रोंं पर लगभग 5 लाख 71 हजार 767 परीक्षार्थी प्रविष्ट हुए, जिसमें सेकेंडरी के 295748, सीनियर सेकेंडरी के 270663 व डीएलएड के 5356 परीक्षार्थी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि सेकेंडरी के दो और सीनियर सेकेंडरी तीन परीक्षा केंद्रों की परीक्षा रद्द की गई है। इसके अतिरिक्त तीन परीक्षा केंद्रों को शिफ्ट किया गया था।