आईएमटी को लेकर किसानों ने नडियाली गांव के गुरुद्वारा साहिब में बुधवार को अहम बैठक की। यह बैठक भारतीय किसान यूनियन शहीद भगत सिंह के नेतृत्व में हुई। बैठक में किसानों ने आईएमटी के लिए जमीन न देने का फैसला लिया। किसानों ने यह भी चेतावनी दी है कि अगर सरकार ने किसानों की बिना सहमति के कोई कदम उठाया तो यूनियन उसका विरोध करते हुए लड़ाई लड़ेगी। भारतीय किसान यूनियन शहीद भगत सिंह के जिला प्रधान गुरमीत सिंह माजरी ने कहा कि नडियाली व खैरा के किसानों ने यूनियन को लिखित में संदेश दिया था कि वह आईएमटी के लिए अपनी जमीन को देना नहीं चाहते। इसके बाद किसानों ने यह बैठक रखी। वहीं, बैठक के दौरान किसानों ने कहा कि आईएमटी के लिए वह अपनी जमीन को नहीं देना चाहते हैं। किसानों ने यह भी कहा कि नडियाली व खैरा गांव के किसान अपनी जमीन देने के लिए सहमत नहीं है। वह अपनी जमीन से एक भी हिस्सा नहीं देना चाहते और न ही किसानों ने पोर्टल पर जमीन देने के लिए चढ़ाई है। भारतीय किसान यूनियन शहीद भगत सिंह के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमरजीत सिंह मोहड़ी ने बताया कि अगर सरकार बिना सहमति के आईएमटी के लिए किसानों की जमीन लेने को लेकर कोई कदम उठाती है तो उसका यूनियन हर तरीके की लड़ाई लड़ेगी।