अंबाला-चंडीगढ़ हाईवे स्थित बलदेव नगर की गीता नगरी की सर्विस लेन पर खड़े एक इंडियन ऑयल कंपनी के खाली कैंटर में धमाका हो गया। यह हादसा दोपहर 12 बजे हुआ। चालक कैंटर वेल्डिंग करवाने के लिए खड़ा था कि अचानक जोरदार धमाका हुआ। कैंटर के पिछले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। जिस कारण दो राहगीर भी गंभीर रूप से घायल हो गए। इन राहगीरों की पहचान अंबाला सिटी निवासी किशोर कुमार व आशा सिंह गार्डन निवासी सूरज के रूप में हुई। किशोर कुमार के सिर व चेहरे पर गहरे घाव होने के कारण चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया। जबकि सूरज की टांग में फ्रेक्चर होने पर उसे प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी। बलदेव नगर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। जांच अधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि हादसे में दो लोग घायल हुए हैं। उनके पास किसी के खिलाफ कोई लिखित शिकायत नहीं आई है। इस बीच एक कबाड़ बिनने वाले सुनील कुमार की रेहड़ी भी क्षतिग्रस्त हो गई।