जेल में बंद किसानों की रिहाई की मांग को लेकर अंबाला शहर की नई अनाज मंडी में एकत्रित होकर किसानों ने नारेबाजी की। किसानों ने भारतीय किसान यूनियन शहीद भगत सिंह के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमरजीत सिंह मोहड़ी के नेतृत्व में प्रदर्शन किया। सुबह से शहर की नई अनाज मंडी में किसान पहुंचने शुरू हुए और उसके साथ ही पुलिस फोर्स को भी तैनात किया गया। इसके उपरांत किसान अपनी गाड़ियों से परिवहन मंत्री असीम गोयल के निवास के बाहर पहुंचे और यहां निवास स्थान के सामने टेंट लगाकर धरने पर बैठ गए।