देश के सबसे पुराने एयरबेस अंबाला एयरफोर्स स्टेशन से बुधवार सुबह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अत्याधुनिक लड़ाकू विमान राफेल (आरबी 205) से उड़ान भरी। 30 मिनट में लगभग 200 किलोमीटर की इस उड़ान के जरिए राष्ट्रपति ने समुद्र तल से 15 हजार फीट तक आसमान को छुआ। इस दौरान राफेल 700 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा से बात कर रहा था। आधिकारिक सूत्रों की मानें तो राष्ट्रपति ने अपनी उड़ान के माध्यम से कुरुक्षेत्र और करनाल की सीमाओं तक सफर किया। इस उड़ान के बाद द्रौपदी मुर्मू पहली ऐसी राष्ट्रपति बनी हैं जिन्होंने राफेल में सॉर्टी उड़ान का अनुभव लिया है। उनके साथ एक और राफेल विमान उड़ा, जिसमें एयर चीफ मार्शल एपी सिंह बैठे थे। उड़ान समाप्त होने के बाद जब वह एयरबेस पर वापस लौटीं तो अपनी इस यात्रा को अद्भुत अनुभव बताया।