गुजरात में विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक पार्टियों के बीच हलचल तेज हो गई है। भाजपा-कांग्रेस टिकट बंटवारे को लेकर रणनीति तैयार कर रही हैं, तो आम आदमी पार्टी ने करीब 73 प्रत्याशियों का एलान भी कर दिया। इस बीच, ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन के मुखिया असुद्दीन ओवैसी ने भी 30 सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा की है। पिछले चुनाव तक गुजरात में भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के बीच सीधी लड़ाई हुआ करती थी। इस बार आम आदमी पार्टी दमखम के साथ मैदान में उतरी है। ऐसे में इसे त्रिकोणीय मुकाबला बताया जा रहा है। आप संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल तो सरकार बनाने का भी दावा कर चुके हैं।