पश्चिमी जिले की स्पेशल स्टाफ टीम ने हरि नगर के एक कारोबारी से गैंगस्टर नवीन बाली-नीरज बवाना के नाम पर एक करोड़ की रंगदारी मांगने वाले दो आरोपियों मोहम्मद मोनिश और मोहम्मद असद को गिरफ्तार किया है। मोहम्मद मोनिश कारोबारी के लिए काम कर चुका है और उसे कारोबारी के बारे में सारी जानकारी थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से रंगदारी की कॉल करने में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन और सिम कार्ड भी बरामद किया है। जिला पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी स्वामी ने बताया कि हरिनगर निवासी बृजेंद्र ब्रांडेड डिटर्जेंट पाउडर के वितरक हैं। उन्होंने 26 जुलाई को हरि नगर थाने में रंगदारी मांगने की शिकायत की। जिसमें उन्होंने बताया कि रात करीब 9.27 बजे उन्हें व्हाट्सएप कॉल के जरिए धमकी दी गई। कॉल करने वाले ने खुद को नवीन बाली-नीरज बवाना गैंग का सदस्य बताते हुए एक करोड़ की मांग की और अगले दिन शाम तक रकम नहीं देने पर उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिले के स्पेशल स्टाफ के निरीक्षक राजेश कुमार मौर्य को मामले की जिम्मेदारी सौंपी गई। टीम ने तकनीकी जांच इलेक्ट्रॉनिक विश्लेषण सर्विलांस और स्थानीय स्तर पर जांच कर 12 घंटे के भीतर मोहन गार्डन इलाके से 28 साल के उत्तम नगर निवासी मोहम्मद मोनिश और 23 साल के उन्नाव यूपी निवासी मोहम्मद असद को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में मोहम्मद मोनिश ने बताया कि वह कारोबारी के यहां काम कर चुका था। वह कारोबारी का कर्मचारी नहीं था बल्कि वह उनके सामान की सप्लाई करता था। जिसके एवज में उसे पैसे मिलते थे। वह कारोबारी के व्यवसाय और उसे उनकी आर्थिक स्थिति की पूरी जानकारी थी। इसी का फायदा उठाकर उसने अपने साथी के साथ मिलकर उनसे रंगदारी वसूलने की साजिश रची। पुलिस ने इनके कब्जे से मोबाइल फोन और सिम बरामद कर ली है। पुलिस आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड, डिजिटल फुटप्रिंट, वित्तीय लेनदेन और सोशल मीडिया गतिविधियों की जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह किसी अन्य रंगदारी या संगठित अपराध से जुड़े मामलों में भी शामिल रहे हैं या नहीं।