संसद भवन में देशभर की रामलीला समितियों के प्रतिनिधियों के साथ आयोजित बैठक में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण और रामलीला के महत्व पर जोर दिया। बैठक में दिल्ली सहित विभिन्न राज्यों की रामलीला समितियों के पदाधिकारियों ने भाग लेकर अपने सुझाव और अनुभव साझा किए। बैठक के दौरान लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि रामलीला केवल धार्मिक या सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि भारतीय जीवन मूल्यों, मर्यादा, कर्तव्य, सेवा, त्याग और राष्ट्रभक्ति का जीवंत माध्यम है। उन्होंने कहा कि इस गौरवशाली परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए आधुनिक तकनीक, नवाचार और जनभागीदारी को बढ़ावा देना आवश्यक है।