लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज व सुचेता कृपलानी अस्पताल में गर्भवती महिलाओं के लिए एक नई और राहत देने वाली सुविधा शुरू की गई है। इस सुविधा के तहत अब सामान्य प्रसव (नॉर्मल डिलीवरी) के दौरान होने वाले दर्द को काफी हद तक कम किया जा सकेगा। अस्पताल में एपिड्यूरल एनाल्जेसिया नाम की तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिसे प्रसव दर्द कम करने का एक प्रभावी तरीका माना जाता है। इस प्रक्रिया में रीढ़ की हड्डी के निचले हिस्से में एक पतली नली (कैथेटर) लगाई जाती है और इसके जरिए दर्द कम करने वाली दवा दी जाती है। इससे प्रसव के दौरान दर्द बहुत कम हो जाता है, लेकिन महिला पूरी तरह होश में रहती है।