आरएमएल अस्पताल व अटल बिहारी वाजपेयी आयुर्विज्ञान संस्थान में मेडिकल लैबोरेटरी टेक्नीशियन (एमएलटी) की छह महीने की इंटर्नशिप के लिए 35 छात्रों का चयन हुआ है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, 10 जुलाई को हुए इंटरव्यू के बाद छात्रों को लैब विभाग में प्रशिक्षण की अनुमति दी गई है। इसमें कुछ शर्तें भी रखी गई है, जिसमें प्रशिक्षण के दौरान कोई टीए व डीए या रहने-खाने का खर्च नहीं दिया जाएगा। हर छात्र को हर महीने 500 रुपये प्रशिक्षण शुल्क जमा करना होगा। फीस सिर्फ ऑनलाइन http://www.rmlh.nic.in या डेबिट कार्ड से ही जमा होगी। इसके अलावा, उपकरण खराब होने पर खर्च छात्र को ही देना होगा। चयनित छात्रों को 24 जुलाई से पहले लैब विभाग के प्रमुख के पास रिपोर्ट करना होगा।