यमुनापार के झिलमिल औद्योगिक क्षेत्र में समस्याओं की भरमार है। इन समस्याओं से झुटकारा पाने के लिए कारोबारी शिकायतें लिखित और मौखिक रूप से कई बार संबंधित विभागों के अधिकारियों से कर चुके हैं। लेकिन उसपर सुनवाई नहीं की जा रही है। सालों से समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं। ऐसे में कारोबार प्रभावित हो रहा है। अतिक्रमण, ट्रैफिक का दबाव, जर्जर सड़कें, खुला नाला और बारिश के दौरान जल निकासी की समस्या सालों से बनी हुई है। कारोबारियों का कहना है कि खास बात यह है कि सालों से बनी समस्याएं कम होने के बजाए बढ़ती जा रही हैं। बार-बार शिकायत की जाती है कार्रवाई तो छोड़िए विभागों के अधिकारी देखने तक नहीं आते हैं।