नोएडा सेक्टर-134 स्थित जेपी विशटाउन में मेंटेनेंस शुल्क बढ़ाने के विरोध में निवासियों का प्रदर्शन आठवें दिन भी जारी रहा। शुक्रवार को प्रदर्शन की कमान महिलाओं ने संभाली। दिनभर हुई बारिश के कारण धरना स्थल पर पानी भर गया। इसके बावजूद महिलाओं ने खुद पानी हटाकर प्रदर्शन जारी रखा और अपनी मांगों को प्रमुखता से उठाया। महिलाओं ने कहा कि मेंटेनेंस शुल्क में की गई बढ़ोतरी वापस ली जाए और निवासियों पर लगाए जा रहे अतिरिक्त आर्थिक बोझ को खत्म किया जाए। उन्होंने कहा कि निवासी पिछले आठ दिनों से शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को उठा रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है। बारिश और खराब मौसम भी उनके हौसले को नहीं डिगा सके। महिलाओं ने साफ किया कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक प्रदर्शन जारी रहेगा।