ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित विहान ग्रींस सोसाइटी के निवासियों ने सुविधाएं नहीं मिलने पर प्रदर्शन किया। निवासियों ने पोस्टर लगाकर विरोध जताया। उन्होंने पोस्टर में लिखवाया कि सुविधाओं के बिना नहीं रहेंगे। बिल्डर की लापरवाही नहीं सहेंगे जैसे नारों से सोसाइटी गूंज उठी। निवासियों ने आरोप लगाया कि लिफ्ट की समस्या से लोग प्रतिदिन परेशान हो रहे हैं। कोई सुरक्षा के मानक नहीं है। लिफ्ट की एएमसी अब तक नहीं हुई है। इसके साथ ही डीजी सेट के पावरबैंक का भी इंतजाम नहीं किया गया है। डीजी सेट खुले पड़े हैं। कभी भी कोई हादसा हो सकता है। सीपेज की समस्या से लोग परेशान हो चुके हैं। इसके साथ ही खराब गुणवत्ता की सामग्री का उपयोग किया गया है। जिम, खेल का मैदान, क्लब जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए निवासियों को परेशान होना पड़ रहा है। आरोप है कि 12 साल से अधिक हो चुके हैं,लेकिन उन्हें कोई असुविधाओं के बीच रहना पड़ रहा है। सोसाइटी में तीन टॉवर हैं। बी और सी टॉवर को अब तक ओसी और सीसी नहीं मिल पाई है। जिसके कारण रजिस्ट्री नहीं हो पा रही है। सोसाइटी के एसटीपी का पानी बाहर सड़क पर बहाया जा रहा है। सोसाइटी के चारों तरफ की दीवार टूटी हैं। मेंटेनेंस शुल्क हर निवासी समय से दे रहा है। उसके बाद भी कोई सुुविधा नहीं मिल रही है। इसके साथ ही हिसाब भी नहीं दिया जा रहा है।