महर्षि महेश योगी संस्थान द्वारा आयोजित 108 कुण्डीय भारत उत्कर्ष महायज्ञ के छठे दिन का आयोजन आध्यात्मिक उत्साह और सांस्कृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण रहा। रामलीला मैदान में चल रही भव्य रामकथा में आज श्री राघवाचार्य महाराज ने श्रीराम सीता विवाह का पावन प्रसंग सुनाया। द्वापर और त्रेता की दिव्य कथाओं से सजे इस विवाह प्रसंग ने उपस्थित श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। भक्तिमय वातावरण में ढोल–नगाड़ों, वैदिक मंत्रध्वनि और पुष्पवर्षा के साथ यह पावन कथा चरम पर पहुंची। दोपहर में आयोजित प्रेस वार्ता में संस्थान के अध्यक्ष अजय प्रकाश श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष राहुल भारद्वाज, तथा अजय श्रीवास्तव और अमृता श्रीवास्तव उपस्थित रहे। इस दौरान उन्होंने भारत उत्कर्ष महायज्ञ के उद्देश्यों, स्वरूप और आने वाले दिनों की गतिविधियों की विस्तृत जानकारी साझा की।