माई सिटी रिपोर्टर नोएडा। सावन शुरू होते ही इस त्योहार की रंगत दिखनी शुरू हो गई है। इसी कड़ी में लेडीज क्लब 49 की महिलाओं ने सेक्टर 51 स्थित एक होटल में तीज उत्सव बेहद धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया। इस अवसर पर महिलाएंं पारंपरिक परिधानों में सजी नजर आईं। महिलाओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों, नृत्य और संगीत से समां बांध दिया। इस मौके पर तीज क्वीन ज्योति पांडेय, फर्स्ट रनरअप पूनम सोनी और सेकेंड रनरअप वैशाली वासा बनी हैं। कार्यक्रम की शुरुआत मां पार्वती और भगवान शिव की पूजा-अर्चना के साथ हुई, इसके बाद महिलाओं ने तीज के पारंपरिक गीत गाकर उत्सव की शुरुआत की। हरी-भरी साड़ियों, लहंगों और हाथों में रची मेहंदी के साथ महिलाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। सेलिब्रेशन के दौरान विभिन्न प्रकार की रोचक गतिविधियों और प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसमें रैंप वॉक, तीज क्वीन, मेंदही से अपनी फ्रेंड का नाम लिखना, बेस्ट ट्रेडिशनल ड्रेस और ड्रेस का कलर जैसी प्रतियोगिताएं मुख्य आकर्षण का केंद्र रहीं। महिलाओं ने डीजे की धुन और पारंपरिक तीज गीतों पर जमकर डांस किया। रैंप वॉक के दौरान अलग-अलग रंग के परिधान पहने महिलाएं रैंप वॉक कर रही थीं और अपने पहने हुए रंग के बारे में भी बता रही थीं। महिलाओं के ग्रुप ने अलग-अलग गानों पर डांस किया। इस दौरान एक दूसरे के साथ के बारे में भी बताया कि उनका साथ कितना पुराना है। 14 साल से चल रहा है यह क्लब अरुणा कवात्रा और नीतू मिश्रा ने बताया कि सेक्टर 49 की महिलाओं का यह क्लब पिछले 14 साल से चल रहा है और इसमें करीब 100 महिलाएं जुड़ी हैं। क्लब की ओर से हर साल करीब 8 कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। इस बार हम लोग 14वें साल वाले उत्सव मना रहे हैं। क्लब बनाने में अरुणा कवात्रा, रेखा त्यागी, वंदना गुप्ता, नम्रता कपूर, लीना कपूर, दीपा कपूर, सीमा चौहान और नीतू मिश्रा का विशेष योगदान रहा है।