ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में गुरुवार से इंडिया वुड्स-2025 के 25वें संस्करण का शुभारंभ हुआ। इसमें 600 से अधिक स्टॉलों में हस्तशिल्पियों ने अपने उत्पाद प्रदर्शित किए हैं। चार दिवसीय प्रदर्शनी 9 मार्च तक चलेगी। हस्तशिल्प निर्यात संवर्धन परिषद के स्टॉल पर एक्सपोर्ट प्रमोशन ऑफिसर दीपेश कुमार शर्मा ने बताया कि परिषद देश के विभिन्न जिलों के करीब 10 हजार हस्तशिल्प उत्पादों को विदेशों में बिक्री के लिए पेश करती है। इनमें से कुछ के उत्पाद जैसे बच्चों के खिलौने, सजावट के सामान आदि प्रदर्शित किए गए हैं। इन्हें जंगल की लकड़ी की बजाय विशेष रूप से किसानों के माध्यम से आम, नीम, शीशम, सागौन और यूकेलिपटिस की खेती से तैयार पेड़ों से बनाया गया है। वहीं, अहमदाबाद की एक कंपनी ने क्लिक फ्लोरिंग मशीन प्रदर्शित की है। कंपनी के संचालक निकुल मेहता ने बताया कि लोगों को घर, ऑफिस व फार्म हाउस में फर्श बनवाने के लिए काफी माथापच्ची करनी पड़ती थी। इस समस्या को दूर करने के लिए फ्लोरिंग मशीन के माध्यम से लकड़ी की टाइल तैयार की जाती हैं। मशीन एक दिन में एक हजार टाइल बना सकती है। भारत के साथ विदेशों में भी मशीन की मांग है।