यमुना सिटी। यमुना सिटी के रबूपुरा में 25 करोड़ रुपये से बनने वाले अत्याधुनिक कंपोजिट मॉडल विद्यालय का शुक्रवार को शिलान्यास किया गया। वैदिक मंत्रों के साथ विधि विधान से स्कूल का शिलान्यास किया गया। जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने 6 एकड़ भूमि में बनने वाले इस अत्याधुनिक विद्यालय का भूमि पूजन किया और विद्यालय के निर्माण कार्य को हरी झंडी दिखाया। इसके साथ ही उन्होंने लोगों को संबोधित किया। जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट कार्पोरेशन लिमिटेड के जरिए रबूपुरा में अत्याधुनिक विद्यालय का निर्माण कराया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश को लगातार विकास की नई सौगातें मिल रही हैं। इंटरनेशनल एयरपोर्ट, औद्योगिक सेक्टर के बाद अब बच्चों की बेहतरीन शिक्षा के लिए क्षेत्र में अत्याधुनिक विद्यालय बनाया जा रहा है। इसमें कक्षा 1 से लेकर 12वीं तक विद्यार्थियों को बेहतरीन शिक्षा दी जाएगी। उन्होंने बताया कि विद्यालय में बच्चों के सर्वांगीण विकास पर ध्यान दिया जाएगा, जिससे वह भविष्य में अपना बेहतरीन करियर भी बना सकें। शिलान्यास समारोह के दौरान बीएसए राहुल पंवार, यमुना विकास प्राधिकरण व उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट्स कॉर्पोरेशन लिमिटेड के अधिकारी समेत बड़ी संख्या में क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे।