बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बुधवार को ममूरा स्थित सरकारी स्कूल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने न सिर्फ स्कूल की व्यवस्थाओं को परखा, बल्कि बच्चों के बीच समय बिताकर उन्हें पढ़ाया भी। बीएसए ने कक्षा में जाकर विद्यार्थियों से बातचीत की और उनकी पढ़ाई का स्तर जाना। उन्होंने बच्चों को कंप्यूटर का बेसिक पाठ पढ़ाया और तकनीक के महत्व के बारे में जानकारी दी। इसके बाद उन्होंने कक्षाओं में जाकर बच्चों से गिनती सुनी और गणित से जुड़े कई सवाल पूछे। सवालों के सही जवाब देने वाले विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाते हुए उनके लिए तालियां भी बजाई गईं। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्कूल के रिकॉर्ड, उपस्थिति रजिस्टर और अन्य व्यवस्थाओं की भी जांच की। उन्होंने शिक्षकों से पढ़ाई की स्थिति और बच्चों की प्रगति के बारे में जानकारी ली। बीएसए राहुल पंवार ने बताया कि स्कूल में छह नए कक्षों का निर्माण कार्य पूरा हो गया है। इससे विद्यार्थियों को बैठने की समस्या से राहत मिलेगी। अभी तक जगह की कमी के कारण कुछ बच्चों को हॉल में बैठना पड़ रहा है। नए कक्षों के शुरू होने के बाद सभी कक्षाएं बेहतर तरीके से संचालित हो सकेंगी।