नोएडा। मामूरा में अचानक लगी भीषण आग के बीच 108 एम्बुलेंस सेवा के कर्मियों ने अपनी जान जोखिम में डालकर सुपर हीरो जैसी भूमिका निभाई। घटना की सूचना मिलते ही बिना एक पल गंवाए मौके पर पहुंची एम्बुलेंस टीम ने न केवल झुलसे और धुएं से बेदम हो रहे लोगों को सुरक्षित निकाला, बल्कि मौके पर ही त्वरित प्राथमिक उपचार देकर उनकी जान बचा ली।बता दें कि 15 जुलाई की सुबह करीब 11:30 बजे भूतल पर आग की शुरुआत होने के बाद आग बढ़ना शुरू हो गई। देखते ही देखते धुएं का गुबार आसमान छूने लगा और अंदर फंसे लोगों में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत आपातकालीन सेवाओं को सूचित किया। सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस सेवा के इमरजेंसी मेडिकल टेक्निशियन (ईएमटी) और पायलट (ड्राइवर) बिना समय गंवाए कुछ ही मिनटों में घटनास्थल पर पहुंच गए। चारों तरफ फैले धुएं और लपटों के बीच एम्बुलेंस कर्मियों ने अदम्य साहस का परिचय दिया। आसपास के निवासियों का भी यही कहना है कि अगर तुरंत ऑक्सीजन और फर्स्ट-एड न देते, तो दम घुटने से बड़ा हादसा हो सकता था। हमारे लिए तो ये भगवान बनकर आए।