गुरुग्राम में बीमार पिता को अस्पताल ले जाने से पहले 25 जुलाई की रात को कार में सीएनजी भरवाने पहुंचे दो युवकों पर कई युवकों ने जानलेवा हमला कर दिया। पंप पर बदमाशों ने दोनों को कार से घसीटकर लाठी-डंडों से पीटा और उनके सिर व पैर में कई वार किए गए। युवकों ने हमलावरों से बचने का प्रयास करते हुए मारपीट न करने की गुहार भी लगाई, लेकिन हमलावर नहीं रुके। पूरी वारदात सीएनजी पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। वीडियो में बदमाश लोहे की रॉड, लाठी व डंडों के साथ लात-मुक्के मारते नजर आ रहे हैं। हमलावरों ने युवकों के साथ मारपीट करने के बाद उनकी कार के शीशे तोड़ दिए। मारपीट के बाद बदमाश अपनी कार में सवार होकर भाग गए। दोनों घायल युवक लहूलुहान होकर बेसुध पड़े रहे, जिन्हें इलाज के लिए पास के अस्पताल भर्ती कराया गया। मारपीट की वारदात 25 जुलाई की रात करीब 12 बजे की है। रविवार को परिवार वालों ने भोंडसी थाने में शिकायत दी है।