गुरुग्राम में वायु प्रदूषण को लेकर हरियाणा युवा कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। हरियाणा युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष निशित कटारिया के नेतृत्व में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने गलेरिया मार्केट में जोरदार प्रदर्शन करते हुए प्रदूषण के खिलाफ रोष जताया। युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में बैनर-पोस्टर लेकर प्रदूषण पर लगाम लगाओ, प्रदूषण हटाओ जीवन बचाओ, स्वच्छ हवा हमारा अधिकार जैसे नारे लगाए। रैली के दौरान कार्यकर्ताओं ने लोगों से प्रदूषण से बचाव के उपाय अपनाने की अपील की और मास्क भी वितरित किए। युवाओं ने दुकानदारों, राहगीरों और स्थानीय नागरिकों को प्रदूषण से होने वाली बीमारियों के बारे में जानकारी भी दी। प्रदेशाध्यक्ष निशित कटारिया ने कहा कि देश के बड़े शहरों में वायु प्रदूषण खतरनाक स्तर पर पहुंच चुका है, लेकिन भाजपा सरकार आंख मूंदकर बैठी हुई है। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस आने वाले समय में भी प्रदूषण के मुद्दे को लेकर सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी। हम सरकार से मांग करते हैं कि प्रदूषण नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं, सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा दिया जाए, उद्योगों पर सख्त निगरानी रखी जाए और हरित क्षेत्रों का विस्तार किया जाए। इस अवसर पर सह प्रभारी प्रियंका चन्दलिया, अभिषेक यादव, अमृत अम्बावता, मोहित तंवर, शिव प्रताप, गौतम यादव , विक्रम कटारिया, परवीन कटारिया समेत अन्य मौजूद रहे।