गुरुग्राम में बंधवाड़ी कूड़ा प्लांट के निस्तारण के लिए लगाए जाने वाले एक प्लांट का मंगलवार को ट्रायल हुआ, जिसे इसी सप्ताह शुरू किया जाएगा। जबकि दूसरे प्लांट को लगाने का काम चल रहा है। माना जा रहा है कि 15 मार्च तक उसे भी शुरू कर दिया जाएगा। नगर निगम की ओर से हुए करार के तहत एजेंसी को प्लांट लगाने के लिए छह माह का समय दिया गया था, मगर नगर निगम के अधिकारियों द्वारा इसे एक माह के भीतर ही चालू कराया जा रहा है। नगर निगम ने एनजीटी में दिए गए शपथ पत्र के बाद कूड़े के निस्तारण को लेकर टेंडर जारी किया था। टेंडर के बाद छह महीने की समय सीमा तय की गई थी। आस पास के लोगों के विरोध और सरकार के दबाव के चलते कूड़ा निस्तारण शुरू किया जा रहा है। कूड़ा निस्तारण शुरू हो जाने के बाद माना जा रहा है कि आसपास के गांवों के लोगों को राहत मिलेगी।