गुरुग्राम सेक्टर 43 में टू वे ट्रैफिक व्यवस्था के कारण लगने वाले जाम और सेक्टर तक पहुंचने का रास्ता बंद होने से नाराज सेक्टर 27, 43 और सुशांत लोक-1 के निवासियों ने बृहस्पतिवार को सेक्टर 27 और 43 के प्रवेश मार्ग पर प्रदर्शन किया। निवासी गैलेरिया मार्केट रोड और व्यापार केंद्र रोड पर यातायात संचालन में बदलाव के कारण बढ़ी मुश्किलों से परेशान थे। इस इलाके में ट्रैफिक व्यवस्था में परिवर्तन कर डिवाइडर लगाकर वन वे की जगह टू वे कर दिया गया है और 43 की ओर जाने का रास्ता बंद कर दिया गया है। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि यातायात व्यवस्था बदलने के लिए सड़क पर डिवाइडर लगा दिए गए, लेकिन वाहनों की आवाजाही को लेकर स्पष्ट व्यवस्था नहीं बनाई गई। लोगों कहीं टू-वे तो कहीं वन-वे को लेकर भ्रम बना हुआ है और वाहन दोनों दिशाओं से निकलने की कोशिश कर रहे हैं। इसका असर पूरे मार्ग पर दिखाई दे रहा है। मिलेनियम सिटी सेंटर से सेक्टर-27 और सेक्टर-43 तक लगभग एक किलोमीटर की दूरी तय करने में एक घंटे तक का समय लग रहा है। इससे रोजाना आवागमन करने वालों के साथ स्कूली बच्चों और आसपास के निवासियों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। प्रदर्शन के दौरान सेक्टर-29 और सुशांत लोक-1 थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों से बातचीत कर समस्या के समाधान का भरोसा दिया। निवासियों ने कहा कि नई व्यवस्था के चलते सेक्टर-43 का प्रवेश मार्ग बाधित हो गया है। लोगों को गोल्फ कोर्स रोड और व्यापार केंद्र की तरफ आने-जाने में दिक्कत हो रही है। निवासियों ने मांग की कि टू-वे ट्रैफिक योजना को लेकर स्थिति स्पष्ट की जाए और किसी भी अंतिम व्यवस्था से पहले स्थानीय आरडब्ल्यूए, संबंधित अधिकारियों और ट्रैफिक पुलिस के साथ बैठक कर समाधान निकाला जाए