गुरुग्राम में दिवाली पर घर लौटने की तैयारी कर रहे यात्रियों को निजी बसों के बढ़े किराये ने परेशान कर दिया है। त्योहार के चलते उत्तर प्रदेश और बिहार जाने वाली निजी बसों के किराये में दो गुना तक बढ़ोतरी हो गई है। सामान्य दिनों में जिस सफर के लिए यात्रियों को एक हजार रुपये खर्च करने पड़ते थे, अब उसी के लिए दो हजार रुपये तक चुकाने पड़ रहे हैं। महंगे किराये के बावजूद बसों में सीटें मिलना मुश्किल हो रहा है। इससे नौकरीपेशा लोगों और श्रमिकों की परेशानी बढ़ गई है।