हिस्ट्रीशीटर मनोज ओझा की गोली मारकर हत्या मामले में कार्रवाई करते हुए अपराध शाखा मानेसर की पुलिस ने बुधवार को दिल्ली से एक आरोपी गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि गिरफ्तार किया गया युवक हत्या की वारदात में संलिप्त है। वहीं, मनोज ओझा को गोली मारने वाला मुख्य आरोपी अभी पुलिस गिरफ्त से बाहर है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दिल्ली के पटपड़गंज लिवासी लोकेश (21) के रूप में हुई है। वह 12वीं कक्षा तक पढ़ाई किए हुए है। आरोपी लोकेश से प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ कि वह दिल्ली में टैक्सी चालक है और उसने अपने एक अन्य साथी तनिष के साथ मिलकर मनोज ओझा (मृतक) के साथ हिसार में किसी व्यक्ति की हत्या की योजना बनाई थी। उन्होंने हत्या करने की वारदात को अंजाम देने के लिए रेकी भी की। लेकिन वे हत्या की वारदात को अंजाम देने में सफल नहीं हो पाए। 13 जनवरी को हिसार से दिल्ली लौटते समय मानेसर के पास मनोज ओझा के साथ तनिष व लोकेश की कहासुनी हो गई थी। इसके चलते तनिष ने गाड़ी में रखे तीन हथियारों में से अपने पास पहले से रखे एक हथियार से खेड़कीदौला टोल प्लाजा के पास मनोज ओझा को गोली मारकर दी थी। इसके बाद वे गाड़ी से उतरकर भाग गए और मनोज ओझा गाड़ी लेकर खेड़कीदौला टोल की ओर चला गया था। पोस्टमार्टम में सामने आया कि गोली मनोज ओझा के पेट में बांये तरफ मारी गई थी, जोकि शरीर के दायें तरफ पसलियों को तोड़ते हुए आरपार निकल गई। पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टर ने बताया कि गोली लगने से मनोज ओझा का लीवर व आंते फट गई थी और ज्यादा खून बहने से गोली लगने के 10 से 15 मिनट में उसकी मौत हो गई। मनोज ओझा ने गोली लगने के बाद 4.48 बजे अपने भाई टोनी के व्हाट्सएप पर वाइस रिकॉडिंग भेजी थी। वाइस रिकॉडिंग में मनोज ओझा ने कहा कि उसको तनिष ने गोली मार दी है। इसके बाद जब टोनी ने मनोज ओझा के मोबाइल पर कॉल की तो एंबूलेंस के ड्राइवर ने कॉल पर बात की और बताया कि वह मनोज ओझा को सेक्टर-38 स्थित निजी अस्पताल में लेकर जा रहा है। मृतक मनोज ओझा के भाई टोनी की शिकायत पर दिल्ली के लक्ष्मीनगर निवासी तनिष के खिलाफ खेड़कीदौला थाना में एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि आगामी कार्रवाई के लिए गिरफ्तार आरोपी लोकेश को अदालत में पेश करके रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड के दौरान आरोपी से पूछताछ करके वारदात में प्रयोग हथियारों की बरामदगी और फरार आरोपी तनिष की गिरफ्तारी की जाएगी। मामले की गहनता से छानबीन की जा रही है।