न्यू कॉलोनी थाना के अंतर्गत मदनपुरी कॉलोनी की गली नंबर-6 में मंगलवार की रात के समय खड़ी ईको गाड़ी का साइलेंसर दो युवकों ने कुछ ही मिनटों में चोरी कर लिया। खास बात यह रही कि दोनों युवक ब्रेजा गाड़ी में सवार होकर आए और इस दौरान एक युवक के हाथ में पिस्टल भी थी। ईको गाड़ी का साइलेंसर चोरी किए जाने की पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। मदनपुरी निवासी व ईको गाड़ी के मालिक संदीप जब बुधवार की सुबह गाड़ी के पास पहुंचे तो साइलेंसर चोरी होने के बारे में पता चला। उन्होंने घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली तो पता चला कि ब्रेजा कार में सवार होकर आए दो युवक ईको गाड़ी साइलेंसर चोरी करते दिखे। एक युवक के हाथ में पिस्टल भी थी। दोनों चोरों ने इतनी सफाई से काम किया कि किसी को शक भी नहीं हुआ और रात को गहरी नींद में होने कारण वहां घरों में सो रहे लोगों को कोई आवाज भी नहीं सुनाई दी। सीसीटीवी कैमरा की फुटेज में ब्रेजा गाड़ी के नंबर स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं। ईको गाड़ी के मालिक संदीप की शिकायत के आधार पर पुलिस ने न्यू कॉलोनी थाने में अज्ञात युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। न्यू कॉलोनी थाना के प्रभारी व निरीक्षक तेजपाल ने बताया कि अज्ञात युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करके आगामी कार्रवाई की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज में दिख रही ब्रेजा गाड़ी के नंबर के आधार पर साइलेंसर चोरी करने वाले युवकों की तलाश की जा रही है। जल्द ही आराेपियों को गिरफ्तार करके आगामी कार्रवाई की जाएगी।