गुरुग्राम सेक्टर-29 थाने की पुलिस ने फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर थाना प्रभारी को कॉल करने वाला आरोपी 25 जुलाई को गिरफ्तार किया। थाने के सरकारी नंबर पर कॉल करके आरोपी ने खुद को हिमाचल प्रदेश पुलिस का अधिकारी बताया था और मॉल में पत्नी की दुकान की लाइट चालू कराने के लिए आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस मामले में आगामी कार्रवाई कर रही है। आरोपी की पहचान दक्षिण दिल्ली के नेब सराय निवासी करण कुमार सकूजा (51) के रूप में हुई है। आरोपी ने 25 जुलाई को सेक्टर-29 थाने के प्रभारी सरकारी मोबाइल पर कॉल की थी। आरोपी ने खुद को हिमाचल प्रदेश पुलिस का एसपी चंदन सिंह बताते हुए मेगा मॉल स्थित एक शोरूम की बिजली चालू करवाने के लिए कहा था। कॉल करने वाले ने खुद को वरिष्ठ पुलिस अधिकारी बताते हुए कार्रवाई के लिए दबाव बनाया और डीजीपी स्तर का हवाला भी दिया। मामले में संदेह होने पर थाना प्रभारी ने पुलिस टीम को मौके पर भेजकर जांच करवाई गई। जांच में पता चला कि सरकारी नंबर पर कॉल करने वाला व्यक्ति हिमाचल प्रदेश पुलिस का अधिकारी नहीं, बल्कि करण कुमार सकूजा है। आरोपी ने अपनी पत्नी की दुकान की बिजली कटने के संबंध में खुद को पुलिस अधिकारी बताकर कॉल की थी। सरकारी अधिकारी के नाम व पद का गलत उपयोग करने पर आरोपी के खिलाफ सेक्टर-29 थाने में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की की थी।