फरीदाबाद जिले के तिलपत स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय से शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। हैरानी की बात यह है कि विद्यालय में पहले से प्रधानाचार्य कार्यरत होने के बावजूद विभाग ने दूसरे प्रधानाचार्य की डेपुटेशन पर तैनाती के आदेश जारी कर दिए हैं। इस मामले के सामने आने के बाद शिक्षकों और शिक्षा विभाग के अधिकारियों के बीच भी इसकी चर्चा शुरू हो गई है। जानकारी के अनुसार, विद्यालय में वर्तमान में शमशेर सिंह राणा प्रधानाचार्य के पद पर कार्यरत हैं और वे नियमित रूप से अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं। इसके बावजूद शिक्षा विभाग ने संजीव अरोड़ा के नाम से उसी विद्यालय में प्रधानाचार्य के पद पर डेपुटेशन के आदेश जारी कर दिए। इससे यह सवाल उठ रहा है कि एक ही पद पर एक ही समय में दो प्रधानाचार्यों की तैनाती कैसे कर दी गई। गौरतलब है कि शिक्षा विभाग लगातार अपनी कार्यप्रणाली को डिजिटल बनाने और ऑनलाइन सिस्टम को मजबूत करने का दावा कर रहा है। इसके बावजूद इस तरह की प्रशासनिक चूक विभाग की व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है। अब सभी की नजर विभाग के अधिकारियों पर है कि इस मामले में क्या स्पष्टीकरण दिया जाता है और आदेशों में संशोधन कर गलती को कब तक सुधारा जाता है।