आगामी अक्तूबर माह में उज्बेकिस्तान के ताशकेंट में शुरू होने वाली विश्व जूनियर ताइक्वांडो चैंपियनशिप के लिए महाराष्ट्र के पुणे में ट्रायल आयोजित किए जा रहे हैं। जहां पर देश भर से ताइक्वांडो खिलाड़ी भारतीय टीम में चयन पाने के लिए पहुंच रहे हैं। इन्हीं ट्रायल में फरीदाबाद के यश शर्मा भी प्रतिभाग ले रहे हैं। जो कि शुक्रवार को देर रात फेज-1 में अपने ट्रायल मुकाबले के लिए उतरे थे। हालांकि ट्रायल के नतीजे शनिवार शाम को आने की उम्मीद है, पर उनके कोच उम्मीद लगा रहे हैं कि वह आगामी महीनों में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए नजर आ सकते हैं। यश के कोच आनंद त्यागी ने बताया कि ट्रायल को दौरान वह बेहद अच्छी लय में नजर आ रहे थे। उन्होंने विपक्षी खिलाड़ी पर कई अच्छे प्रहार किए थे। इन सबको देखते हुए लग रहा है कि फेज-2 में उनका चयन हो सकता है। बता दें कि फेज-1 में चयनित खिलाड़ियों को फेज-2 में पहुंचने का मौका मिलेगा। इसके बाद जो खिलाड़ी फेज-2 में अच्छा प्रदर्शन करेंगे, वह फाइनल सिलेक्शन राउंड में पहुंचेगे। फाइनल सिलेक्शन राउंड में चयनित खिलाडियों को ताशकेंट में भारत का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिलेगा।