फरीदाबाद। जिले में आगामी 11 और 12 जुलाई को छठवीं जिला स्तरीय योगासन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप का आयोजन होने जा रहा है। खेल प्रतियोगिता का आयोजन सेक्टर-29 स्थित हरमन जिमनर स्कूल में होगा। इस चैंपियनशिप में हिस्सा लेने के इच्छुक खिलाड़ियों के लिए पंजीकरण कराने की अंतिम तिथि 8 जुलाई निर्धारित की गई है। फरीदाबाद योगासन एसोसिएशन के सचिव श्याम कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्ग तय किए गए हैं। इसमें 10 से 14 वर्ष के खिलाड़ी सब-जूनियर वर्ग में 14 से 18 वर्ष वाले जूनियर वर्ग में और 18 से 28 वर्ष के युवा सीनियर वर्ग में दम-खम दिखाएंगे। इसके अलावा सीनियर ए (28-35 वर्ष), सीनियर बी (35-45 वर्ष) और सीनियर सी (45-55 वर्ष) वर्ग के तहत भी मुकाबले आयोजित होंगे। इस दो दिवसीय प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के बीच ट्रेडिशनल योगासन, आर्टिस्टिक योगासन और रिदमिक योगासन जैसे इवेंट्स खेले जाएंगे। एसोसिएशन ने सभी इच्छुक स्थानीय खिलाड़ियों से अपील की है कि वे समय रहते अपना पंजीकरण अनिवार्य रूप से पूरा कर लें ताकि अंतिम समय किसी भी परेशानी से बचा सके।