फरीदाबाद शहर में सोमवार को अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने दो स्थानों पर कार्रवाई की। डीटीपी विभाग की टीम ने गांव समयपुर में विकसित हो रही अवैध कॉलोनी पर बुलडोजर चलाकर छह अवैध स्ट्रक्चर, 10 बाउंड्री वॉल और 15 डीपीसी ध्वस्त कर दीं। वहीं नगर निगम ने बुध कॉलोनी के पास बड़खल फ्लाईओवर के नीचे से करीब 20 झुग्गियां हटाईं। अभियान में जेसीबी और हाईवा मशीनों का इस्तेमाल किया गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस बल भी तैनात रहा। कई लोग अपने निर्माण खुद तोड़ते दिखे, जबकि कुछ ने अधिकारियों से मोहलत मांगी। अधिकारियों के अनुसार सभी को पहले ही नोटिस दिए जा चुके थे।