छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में युक्तियुक्तकरण के तहत सहायक शिक्षक का दूसरे जगह तबादला करने से नाराज गांव के ग्रामीणों ने आज सुबह स्कूल में ताला बंद करके नारेबाजी करते हुए आंदोलन शुरू कर दिया है। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस एवं प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंचकर आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने के प्रयास में जुट गई है। मिली जानकारी के मुताबिक पिछले दिनों गांव के ग्रामीणों ने कलेक्टर रायगढ़ एवं जिला शिक्षा अधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपते हुए बताया था कि खरसिया विकासखण्ड के अंतर्गत आने वाले प्राथमिक शाला कोहारडीपा के सहायक शिक्षक दिनेश कुमार राठिया का युक्तियुक्तकरण के तहत धरमजयगढ़ विकासखण्ड के प्राथमिक शाला गेरवा में स्थानांतरण कर दिया गया है। दिनेश कुमार राठिया को अभी तक भारमुक्त नही किया गया है। गांव के ग्रामीणों ने यह भी कहा था कि वर्तमान में प्राथमिक शाला कोहारडीपा में दो शिक्षक एक प्रधान पाठक एवं एक सहायक शिक्षक दिनेश राठिया पदस्थ हैं, ऐसे में यदि श्री राठिया का युक्तियुक्तकरण किया जाता है तो कोहारडीपा एकल शिक्षकीय हो जाएगा एवं जहां युक्तियुक्त करण किया गया है वहां पहले से चार शिक्षक हैं जो शासन के नियम एवं नीति के विरूद्ध हैं। गांव के ग्रामीणों ने मांग की है कि दिनेश कुमार राठिया को प्राथमिक शाला गेरसा की बजाए कोहारडीपा में यथावत रखा जाए। गांव के ग्रामीणों का यह भी कहना था कि दिनेश कुमार राठिया का छात्र-छात्राओं के प्रति व्यवहार, अध्ययन, अध्यापन एवं शालेय गतिविधियों से वे सभी खुश है, उनके खिलाफ किसी भी प्रकार की कोई शिकायत नही, उक्त कारणों का ध्यान में रखते हुए गांव के ग्रामीणों ने जिलाधीश एवं जिला शिक्षा अधिकारी से दिनेश कुमार राठिया को कोडारडीपा में स्थावत रखने की मांग की है। गांव के ग्रामीणों ने कहा कि यदि प्राथमिक शाला कोहारडीपा एकल शिक्षकीय हो जाएगा तब स्कूल का संचालन बाधित होगा जिसका सभी ग्रामीण विरोध करेंगे और उसकी संपूर्ण जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी। इस आवेदन के बाद भी ग्रामीणों की मांगों पर किसी तरह की कोई कार्रवाई नही होनें से नाराज ग्रामीणों ने आज स्कूली छात्रों के साथ मिलकर स्कूल में ताला लगाकर अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस एवं प्रशासनिक टीम गांव पहुंचकर आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने के प्रयास में जुट गई है। लेकिन गांव के ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं।