छत्तीसगढ़ ड्राइवर महासंघ के आह्वान पर शुक्रवार से प्रदेशभर में अनिश्चितकालीन महाबंद चक्का जाम शुरू हुआ। कोरबा जिले के पाली और डुमरकछार स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुबह से ही सैकड़ों ट्रक, बस, ऑटो और अन्य वाहन खड़े कर दिए गए, जिससे दोनों ओर यातायात ठप हो गया। जाम के कारण कोरबा, कटघोरा, पाली और बिलासपुर मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। यात्री बसें, मालवाहक वाहन और राहगीर घंटों फंसे रहे। प्रशासन ने मौके पर पुलिस बल तैनात कर स्थिति पर नजर रखी। महासंघ ने 11 सूत्रीय मांगों को लेकर यह आंदोलन शुरू किया है, जिनमें प्रमुख हैं—राज्य में शराबबंदी लागू करना, ड्राइवर सुरक्षा कानून व आयोग गठन, ड्राइवर वेलफेयर बोर्ड बनाना और 1 सितंबर को ‘ड्राइवर दिवस’ घोषित करना। पदाधिकारियों ने चेतावनी दी है कि जब तक सरकार ठोस निर्णय नहीं लेती, चक्का जाम जारी रहेगा।