फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

छत्तीसगढ़ में पूर्व गृहमंत्री के बेटे का हाई वोल्टेज ड्रामा: दुकानदार को मारी टक्कर, थाने में काटा बवाल

Wed, 11 Mar 2026 05:34 PM IST
कोरबा ब्यूरो अमर उजाला नेटवर्क, कोरबा

कोरबा बस स्टैंड मुख्य मार्ग पर बुधवार को पूर्व गृहमंत्री के बेटे संदीप कंवर ने नशे की हालत में जमकर उत्पात मचाया। उसने अपनी गाड़ी से एक दुकान को टक्कर मारी और दुकानदार से मारपीट व गाली-गलौज की। थाने लाए जाने के बाद भी आरोपी पुलिस के सामने हंगामा कर फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, संदीप कंवर नशे में धुत होकर 'पूर्व विधायक रामपुर' लिखी गाड़ी चला रहा था। इतवारी बाजार के पास उसने अनियंत्रित होकर एक दुकान को जोरदार टक्कर मार दी। पीड़ित पक्ष ने विरोध किया तो संदीप ने गाली-गलौज शुरू कर दी और मारपीट पर उतारू हो गया। 

बताया जा रहा है कि पीड़ित की बेटी पुलिस विभाग में आरक्षक के पद पर तैनात है। पुलिस संदीप को कोतवाली थाने लेकर आई, लेकिन वहां भी उसने हंगामा किया। उसने अपने पिता के पद और रसूख की धौंस दिखाते हुए कहा, "जो करना है कर लो, मेरा कुछ नहीं बिगड़ेगा।" हैरानी की बात यह रही कि पुलिस की मौजूदगी में भी आरोपी गाली-गलौज करते हुए अपनी गाड़ी लेकर थाने से फरार हो गया। पुलिस मूकदर्शक बनी देखती रही।

इस घटना के बाद से स्थानीय लोगों में काफी नाराजगी है। पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल उठ रहे हैं। सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि पुलिस को शिकायत प्राप्त हुई है। एक कार चालक द्वारा लापरवाही पूर्वक वाहन चलाने, दुकान में टक्कर मारने और मारपीट की बात सामने आई है।

सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने पुष्टि की कि अजीन कुरैशी की तरफ से शिकायत मिली है। उनकी दुकान पर एक व्यक्ति ने लापरवाही पूर्वक गाड़ी चलाकर दुर्घटना की और मारपीट की। आवेदन में जिस गाड़ी का उल्लेख है, उस पर 'विधायक रामपुर' लिखा है। मामले की विधिवत जांच की जा रही है और कानून के मुताबिक कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वाहन और चालक की पहचान की जा रही है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें