जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने घर में घुसकर मारपीट, गाली-गलौच और महिलाओं से अभद्रता करने के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार पीड़ित सागर गुप्ता, निवासी संजय नगर अकलतरा, ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 31 दिसंबर 2025 की रात वह अपने परिवार के साथ घर में नया वर्ष मना रहा था। इसी दौरान आरोपी मोईन खान, नासिर खान, सुमित कुमार और अविनाश सारथी घर के सामने आकर अश्लील गाली-गलौच करने लगे। मना करने पर चारों आरोपी एकजुट होकर प्रार्थी के घर में घुस आए।
आरोप है कि आरोपियों ने हाथ-मुक्कों और स्टील रॉड से मारपीट कर पीड़ित को चोट पहुंचाई। इस दौरान महिलाओं के साथ अभद्रता की गई और जान से मारने की धमकी भी दी गई। घटना के बाद से पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी। शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।