जिले के पामगढ़ स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल में मध्याह्न भोजन खाने के बाद 12 छात्र-छात्राओं की तबीयत अचानक बिगड़ गई। सभी को उल्टी, पेट दर्द और सिर दर्द की शिकायत होने पर उपचार के लिए पामगढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया है। बच्चों का इलाज जारी है और उन्हें डॉक्टरों की कड़ी निगरानी में रखा गया है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए, एसडीएम देवेंद्र चौधरी ने तत्काल ब्लॉक शिक्षा अधिकारी से स्पष्टीकरण मांगा है। मध्याह्न भोजन के नमूने भी जांच के लिए फूड इंस्पेक्टर को सौंप दिए गए हैं। इन नमूनों की जांच रिपोर्ट अगले दो से तीन दिनों में आने की उम्मीद है, जिसके बाद ही भोजन विषाक्तता का वास्तविक कारण स्पष्ट हो पाएगा।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार को स्कूल में कुल 127 बच्चों ने मध्याह्न भोजन किया था। भोजन में पत्ता गोभी की सब्जी और मिक्स अचार परोसा गया था। आशंका जताई जा रही है कि मिक्स अचार के सेवन से बच्चों की तबीयत बिगड़ी होगी। तबीयत बिगड़ने पर परिजनों को सूचित किया गया और बच्चों को तुरंत सीएचसी अस्पताल पामगढ़ ले जाया गया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की बीएमओ रश्मि धीरही ने बताया कि भर्ती कराए गए कुछ बच्चों को उल्टी, पेट दर्द और सिर दर्द की समस्या थी। सभी बच्चों का उपचार किया गया है और वर्तमान में उनकी हालत स्थिर है। उन्हें डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है। उन्होंने यह भी बताया कि दो से तीन बच्चों के परिजन उन्हें अस्पताल से घर ले जा चुके हैं।