गौरेला पेंड्रा मरवाही में प्रदेश के शिक्षा एवं ग्रामोद्योग, विधि एवं विधायी कार्य मंत्री गजेंद्र यादव शनिवार को पेंड्रा पहुंचे। यहां मल्टी पर्पज हाई स्कूल के असेंबली हॉल में सरस्वती ग्राम शिक्षा समिति के तत्वावधान में आयोजित सरस्वती शिशु मंदिर के मेधावी भैया-बहनों के प्रतिभा सम्मान समारोह में शामिल हुए। कार्यक्रम में विद्यालय के लगभग 180 मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
समारोह में मंत्री गजेंद्र यादव ने विद्यार्थियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई देते हुए कहा कि शिक्षा ही समाज और राष्ट्र निर्माण का सबसे महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने विद्यार्थियों से निरंतर परिश्रम एवं अनुशासन के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।
मीडिया से चर्चा के दौरान मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि सरस्वती शिक्षा संस्थानों द्वारा शिक्षा एवं संस्कार के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कार्य किया जा रहा है। उन्होंने आश्वस्त किया कि सरकार की ओर से ऐसे संस्थानों को आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाएगा, जिससे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को और बढ़ावा मिल सके।
शिक्षा व्यवस्था को लेकर पूछे गए सवालों के जवाब में मंत्री ने कहा कि प्रदेश के शासकीय विद्यालयों के परीक्षा परिणामों को और बेहतर बनाने के लिए व्यापक रोडमैप तैयार किया जा रहा है। इसके तहत शिक्षण व्यवस्था, शैक्षणिक गुणवत्ता और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
प्रदेश के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी के संबंध में मंत्री ने कहा कि सरकार इस समस्या को गंभीरता से ले रही है। उन्होंने बताया कि सेजेस (SEJES) प्रक्रिया के बाद प्रदेश में 5 हजार अतिरिक्त शिक्षकों की भर्ती जल्द की जाएगी। इससे स्कूलों में लंबे समय से चल रही शिक्षकों की कमी को दूर करने में मदद मिलेगी तथा विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सकेगा। कार्यक्रम के अंत में सम्मानित विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा किए और शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने का संकल्प लिया। मंत्री ने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।