गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में साइबर ठगी का फिर एक मामला सामने आया है, जिसमे एक अज्ञात ठग ने खुद को परिचित बताकर शिक्षिका से 83 हजार रुपये की ठगी कर ली। मामले की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 45 हजार रुपये होल्ड करा दिए हैं तथा आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पूरा मामला गौरेला थाना क्षेत्र के गुरुकुल इलाके का है जहा पर रहने वाली पीड़िता शिक्षिका मंजुलसा एक्का के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले व्यक्ति ने पहले पूछा कि क्या आप मुझे पहचान रही हैं? इस पर शिक्षिका ने उसे अपने किसी परिचित के रूप में समझ लिया। इसके बाद आरोपी ने बताया कि उसके तीन परिचितों का सड़क दुर्घटना में घायल हो गए हैं और तत्काल पैसों की आवश्यकता है। उसने मदद के नाम पर तीन लाख रुपये की मांग की।
आरोपी ठग की बातों में आकर शिक्षिका ने फोनपे के माध्यम से अलग-अलग किश्तों में कुल 83 हजार रुपये उसके बताए खाते में ट्रांसफर कर दिए। कुछ समय बाद पीड़िता को संदेह हुआ कि उनके साथ धोखाधड़ी हुई है। इसके बाद उन्होंने तत्काल गौरेला थाना पुलिस को मामले की सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस ने साइबर फ्रॉड से संबंधित प्रक्रिया अपनाते हुए रकम को ट्रेस करने का प्रयास किया, जिसमें 45 हजार रुपये होल्ड कराने में सफलता मिली। वहीं शेष राशि की जानकारी जुटाई जा रही है।पीड़िता की शिकायत पर गौरेला थाना में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मोबाइल नंबर और बैंक खातों की जांच कर आरोपी तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। वही पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति द्वारा परिचित बनकर पैसे मांगने पर तुरंत उसकी पहचान की पुष्टि करें और बिना सत्यापन के किसी भी खाते या डिजिटल माध्यम से रकम ट्रांसफर न करें। साइबर ठगी की आशंका होने पर तत्काल पुलिस या साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करें।