फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

GPM News: मुसियारी घाट की सड़क पर देर रात दिखा तेंदुआ, वीडियो वायरल; राहगीरों में दहशत, वन विभाग ने की ये अपील

Wed, 05 Aug 2026 02:41 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो अमर उजाला नेटवर्क, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के मुसियारी घाट में देर रात मुख्य सड़क के किनारे तेंदुआ दिखाई देने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। वाहन चालकों ने तेंदुए का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसके बाद वन विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और वन्यजीवों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है।

जिले के गौरेला-भंनवारटक-बिलासपुर मुख्य मार्ग पर स्थित मुसियारी घाट में देर रात सड़क किनारे एक तेंदुआ दिखाई देने से राहगीरों और वाहन चालकों में दहशत फैल गई। मौके से गुजर रहे लोगों ने तेंदुए का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तेंदुआ कुछ समय तक सड़क किनारे शांत बैठा रहा। इस दौरान कई वाहन चालकों ने सावधानीपूर्वक अपनी गाड़ियां वहां से निकालीं, जबकि कुछ लोगों ने सुरक्षित दूरी से उसका वीडियो भी बनाया। कुछ देर बाद तेंदुआ वापस जंगल की ओर चला गया। इस घटना में किसी भी व्यक्ति के घायल होने या वन्यजीव के हमले की सूचना नहीं है।

जानकारी के अनुसार, मुसियारी घाट बिलासपुर और जीपीएम जिले की सीमा पर स्थित है तथा यह क्षेत्र अचानकमार टाइगर रिजर्व (ATR) के वन क्षेत्र से लगा हुआ है। इसी कारण यहां समय-समय पर तेंदुआ, भालू और अन्य वन्यजीवों की आवाजाही होती रहती है। हालांकि, मुख्य सड़क के इतने करीब तेंदुए का दिखाई देना लोगों के लिए चिंता का विषय बन गया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर रात के समय भी वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे में वन्यजीवों के सड़क तक पहुंचने से दुर्घटना या किसी अप्रिय घटना की आशंका बढ़ जाती है। लोगों ने वन विभाग से क्षेत्र में निगरानी और गश्त बढ़ाने की मांग की है।

वन विभाग ने भी लोगों से अपील की है कि रात के समय इस मार्ग से गुजरते हुए विशेष सावधानी बरतें, वाहन की गति नियंत्रित रखें और किसी भी वन्यजीव के दिखाई देने पर उसके पास जाने या वीडियो बनाने के लिए अनावश्यक रूप से वाहन न रोकें। साथ ही किसी भी वन्यजीव की सूचना तत्काल वन विभाग को देने की सलाह दी गई है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें